पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय पैरोकारों संग की गोष्ठी, पैरवी कार्यों की समीक्षा
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
जनपद में अभियोजन कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में समस्त थानों के सत्र न्यायालय एवं अवर न्यायालय के पैरोकारों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान वर्ष 2025 एवं 2026 की काज लिस्ट तथा पैरवी रजिस्टर में की गई प्रविष्टियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में न्यायालयों में लंबित वादों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, अभियोजन साक्ष्यों की समयबद्ध उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने सभी पैरोकारों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा न्यायालयी कार्यवाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने अभिलेखों के नियमित अद्यतन, प्रभावी अनुश्रवण एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियोजन कार्यों में और अधिक सुधार लाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने हेतु प्रेरित किया गया।