करंट लगने से युवक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।
रिपोर्ट:विनोद विरोधी
गया, बिहार।।
जिले के बाराचट्टी प्रखंड के जागोडीह गांव में एक दर्दनाक हादसे में विद्युत करंट लगने से 34 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई। वे अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे। इस घटना के बाद से मृतक के घर और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है ।मृतक विजय कुमार अपने घर के इकलौते बेटे थे। पांच वर्ष पहले उनके पिता का भी निधन हो चुका है। विजय ही मजदूरी कर बूढ़ी मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से विजय को बाराचट्टी स्वास्थ्य विभाग (अस्पताल) लाया गया। वहां डॉक्टरों ने अथक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ।घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।