फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पड़ी भारी, दो किसान सलाहकार चयनमुक्त।
रिपोर्ट: विनोद विरोधी
गया, बिहार।
कृषि विभाग एवं राजस्व तथा भूमि सुधार विभाग के संयुक्त तत्वाधान में गया के सभी प्रखण्डों की सभी पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री कर कार्य कराया जा रहा है जिसकी उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है।
जिले के अतरी प्रखण्ड के किसान सलाहकार सुमित कुमार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान के कुल लाभार्थी किसानों 1828 का फार्मर रजिस्ट्री हेतु निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध छः माह में मात्र 711 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया, और 12 मई से 31 मई के बीच शून्य फार्मर रजिस्ट्री। चेतावनी और स्पष्टीकरण के बाद भी 08 जून को शून्य और 09 जून को मात्र 02 फार्मर रजिस्ट्री किये जाने तथा स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने के आरोप में जिला पदाधिकारी गया द्वारा चयनमुक्त कर दिया गया है।
इसी प्रकार फतेहपुर प्रखण्ड के किसान सलाहकार प्रभात कुमार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के कुल लाभार्थी किसान 1467 के लक्ष्य के विरुद्ध छः माह में केवल 519 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया।इनके द्वारा 12से 31 मई की अवधि में केवल 3 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया। 17 फरवरी से 7 जून तक केवल 7 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया एवं 08 जून को शून्य। जबकि 09 जून को केवल 03 किसान का फार्मर रजिस्ट्री किया गया। लगातार कार्य में लापरवाही बरतने, अपने नियंत्री पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने तथा समय से स्पष्टीकरण का उत्तर नहीं देने के कारण जिला पदाधिकारी द्वारा इन्हें भी चयनमुक्त कर दिया गया है।
साथ ही जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य कर रहे सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को चेतावनी दिया है कि सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूरी तत्परता से कराना सुनिश्चित करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।