खरमास में शादी समारोह का आयोजन कर दी गई पाखंड की चुनौती।
कहा- कम समय व कम खर्चे में इस तरह की शादी का आयोजन से होगा पाखंड से मुक्ति।
रिपोर्ट :विनोद विरोधी
गया, बिहार।
जिले के बाराचट्टी प्रखंड के शोभ बाजार स्थित जीएस मैरिज हॉल में आज बिना लग्न के खरमास माह में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया। वैवाहिक समारोह को जाने माने मानववादी विचारक वीरेंद्र कुमार अर्जक ने संपन्न कराया। जिले के चंदौती प्रखंड के बंगाली बीघा के रहने वाले दीपक रविदास की 19 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी का विवाह पड़ोसी राज्य झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना अंतर्गत मानगढ़ गांव निवासी यश:कायी फागू रविदास के पुत्र आकाश कुमार के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर वीरेंद्र कुमार अर्जक ने वर वधू को प्रतिज्ञापन कराया।जिसके तहत नवदंपति ने समता का व्यवहार व आचरण करते हुए वैवाहिक जीवन को मधुर और अविच्छिन्न बनाने का संकल्प दुहराया तथा मानव मानव की बराबरी वाले समाज के विकास व समृद्धि में योगदान का प्रतिज्ञापन की। वही एक दूसरे के गले में वरमाला पहनकर वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर अर्जक संघ के सहायक जिलामंत्री संजय मंडल ने बताया कि अर्जक संघ कम समय ,कम खर्च व बिना लग्न के इस तरह के शादियों का आयोजन कर समाज में व्याप्त पाखंड को दूर करने का संकल्पित रहा है,इससे समाज में व्याप्त पाखंड दूर होगा। इस अवसर पर मौजूद अन्य लोगों में आकाश कुमार ,सूरज कुमार, अविनाश दास, कुंदन दास, दीपक रविदास, ने वर वधू को उज्जवल भविष्य की कामना की।