अर्जक संघ ही देश में समता और समृद्धि लाएगी–रामचंद्र कटियार
–अर्जक संघ के सम्मेलन के दूसरे दिन उमड़ी भीड़
विनोद कुमार विरोधी
बोध गया, बिहार।
अर्जक संघ ही देश में समता और समृद्धि ला सकती है। इसके लिए सकारात्मक प्रचार प्रसार के साथ साथ अमल में लाना जरूरी है।
उक्त बातें आज बकरौर में आयोजित अर्जक संघ के 8 वा राष्ट्रीय सम्मेलन के खुला अधिवेशन में मुख्य अतिथि की हैसियत से शोषित समाज दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र कटियार ने कही।
उन्होंने कहा कि अर्जक संघ ने जो रीति रिवाज चलाया है वह बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, आदि राज्यों में काफी प्रचलन में आया है। उन्होंने यह भी कहा कि शोषित समाज दल के सभी कार्यकर्ता अर्जक संघ की रीति रिवाज को मानता है।
अर्जक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार भारती की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि पी पी आई डी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय दयाराम जी ने कहा कि 1968 में महामना रामस्वरूप वर्मा जी ने अर्जक संघ की स्थापना के करके देशहित में काम किया है।उन्होंने कहा कि जो अर्जक है वही मूलनिवासी है।उसे अपने महापुरुषों के मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।
इतिहासकार डॉ विलास खराट ने भी कई ऐतिहासिक प्रमाण देकर कहा कि अर्जक संघ अपने महापुरुषों की राह पर चल रहा है।
सम्मेलन का संचालन सांस्कृतिक समिति के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र पथिक कर रहे थे।
सम्मेलन में विधायक श्री भगवान सिंह कुशवाहा ,बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अरुण गुप्ता, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राम निवास वर्मा, पूर्व विधायक प्रो कृष्णनंदन यादव, पूर्व विधायक सतीश दास, राघवेंद्र नारायण यादव, कमलेश वर्मा, शिवनंदन प्रभाकर आदि वक्ताओं ने महामना बुद्ध, ज्योति राव फुले, महामना राम स्वरूप वर्मा, शहीद जगदेव प्रसाद, ललई सिंह यादव, चौधरी महराज सिंह भारती आदि के कार्यकलापों की चर्चा करते हुए राजनीति क्षेत्र में समाजवाद और सामाजिक सांस्कृतिक क्षेत्र में मानववाद की स्थापना पर बल दिया।
सम्मेलन में पाखंड मिटाओ प्रदर्शनी, जादू,नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के माध्यम से अंधविश्वास और कुरीतियों को नकारने और अर्जक संघ द्वारा प्रतिपादित आचार, विचार संस्कार और त्यौहार अपनाने पर बल दिया।
सम्मेलन में देश के कई राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सम्मेलन के तीसरे दिन भी यानि कल कई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।साथ ही नई राष्ट्रीय समिति का गठन भी किया जाएगा।
सम्मेलन में पूर्व न्यायधीश वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा लिखित और इतिहासकार डा विलास खराट द्वारा अनुवादित और संपादित पुस्तक तीन लैंडमार्क ऐतिहासिक फैसले का अर्जक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार भारती द्वारा विमोचन किया गया।