Tranding
Wed, 15 Apr 2026 04:47 PM
धार्मिक / Mar 09, 2023

शब-ए-बरात पर अल्लाह की इबादत व कुरआन की तिलावत कर मांगी दुआ।

सैय्यद फरहान अहमद

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।

शब-ए-बरात पर्व परंपरा व अकीदत के साथ मनाया गया। मुसलमानों ने रात भर दुआओं में हाथ उठाकर दिली मुरादें मांगी। लोग गुनाहों से निजात की रात में तौबा व अस्तगफार करते रहे। मुसलमानों ने इबादत के साथ पुरखों को भी याद किया। दरगाहों पर हाजिरी दी। शाम की नमाज़ (मगरिब) पढ़कर लोग इबादत में जुट गए जिसका सिलसिला बुधवार की सुबह तक जारी रहा। हज़रत उवैस करनी अलैहिर्रहमां व पुरखों के नाम पर लज़ीज़ पकवानों व विविध प्रकार के चने, सूजी, गरी के हलुवों पर फातिहा दिलाई गई। गरीबों में खाना व हलुवा बांटा गया। दान पुण्य भी किया गया। मस्जिद, दरगाह व कब्रिस्तानों पर रोशनी का उचित इंतजाम रहा। मस्जिद व दरगाह को झालरों के जरिए सजाया गया था।

मुबारक रात में लोगों ने मिस्वाक किया। गुस्ल (स्नान) किया। अच्छे कपड़े पहने। इत्र लगाया। पुरखों की मगफिरत (बख़्शिश) के लिए दुआ की। बीमारों का हालचाल जाना। तहज्जुद की नमाज़ पढ़ी। नफिल नमाज़ ज्यादा पढ़ीं। दरूदो सलाम का नज़राना पेश किया। क़ुरआन-ए-पाक, सूरह यासीन की तिलावत कसरत से की। अल्लाह की तस्बीह वगैरा के जरिए पूरी रात इबादत में गुजारी।मस्जिद व घरों में रातभर इबादत होती रही। पुरुषों ने मस्जिद में तो वहीं महिलाओं ने घरों में इबादत कर बरकत की दुआ मांगी।

रसूलपुर जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर, सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफ़रा बाज़ार, रहमतनगर की सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, गौसिया जामा मस्जिद छोटे काजीपुर, मरकजी मदीना जामा मस्जिद रेती चौक, काजी जी की मस्जिद इस्माईलपुर सहित शहर की छोटी-बड़ी तमाम मस्जिदों में लोगों की भीड़ उमड़ी।

मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों तुर्कमानपुर, रसूलपुर, जाफ़रा बाज़ार, गाजी रौजा, रहमतनगर, बख़्तियार, खूनीपुर, इस्माईलपुर, जाहिदाबाद, पुराना गोरखपुर, गोरखनाथ, तिवारीपुर, उर्दू बाज़ार, रेती, शाह मारूफ, पिपरापुर, अहमदनगर चक्शा हुसैन, जमुनहिया बाग, छोटे काजीपुर, मियां बाजार आदि में रातभर नूरानी माहौल रहा।

वहीं प्रमुख दरगाहें जियारत करने वालों से गुलज़ार नज़र आईं। अकीदतमंदों ने नार्मल स्थित दरगाह हज़रत मुबारक खां शहीद, धर्मशाला बाज़ार स्थित हज़रत नक्को शाह बाबा, गोलघर स्थित हज़रत तोता मैना शाह, दादा मियां मजार नसीराबाद, हज़रत कंकड़ शाह, हजरत मुकीम शाह सहित तमाम बुजुर्गों की दरगाहों पर फातिहा पढ़कर अल्लाह से अपने लिए भलाई की दुआ मांगी।

अकीदतमंदों ने शहर के कच्ची बाग कब्रिस्तान निज़ामपुर, हज़रत मुबारक खां शहीद नार्मल कब्रिस्तान, गोरखनाथ कब्रिस्तान, बाले मियां मैदान कब्रिस्तान बहरामपुर सहित शहर के तमाम कब्रिस्तानों पर जा कर अपने पूर्वजों के लिए फातिहा पढ़कर उनके बख़्शिश की दुआ मांगी। कब्रिस्तानों पर यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। अकीदतमंदों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए खास इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह लोगों के लिए चाय व पानी के स्टॉल भी लगाए गए थे। सुबह फज्र की नमाज़ के बाद यह सिलसिला खत्म हुआ। लोगों ने इस दौरान सहरी खा कर अगले दिन का रोजा रखा।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
214

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap