Tranding
Fri, 12 Jun 2026 12:09 AM
अपराध / Jun 10, 2026

विजिलेंस का बड़ा एक्शन:नौ हजार घूस लेते चौकीदार रंगेहाथ गिरफ्तार।

रिपोर्ट: विनोद विरोधी 

गया, बिहार।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग (विजिलेंस टीम) ने जिले के बेलागंज में एक बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर बेलागंज थाना क्षेत्र के एक चौकीदार को नौ हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो बेलागंज थाने में चौकीदार के पद पर तैनात है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला साल 2023 के एक पुराने केस (कांड संख्या 689/23) से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि चौकीदार मनीष कुमार इस मामले में मदद करने और पैरवी के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसों की मांग कर रहा था। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी लिखित शिकायत निगरानी विभाग से कर दी।निगरानी विभाग ने शिकायत मिलने के बाद मामले का गुपचुप तरीके से सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही पीड़ित बुधवार को बेलागंज थाना के समीप स्थित अस्पताल परिसर में चौकीदार मनीष कुमार को नौ हजार की राशि देने पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी के बाद बेलागंज थाना परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सफल छापेमारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी चौकीदार मनीष कुमार को हिरासत में लेकर तुरंत अपने साथ पटना मुख्यालय के लिए रवाना हो गई, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विजिलेंस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और इस मामले में संलिप्त अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
3

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap