Tranding
Tue, 02 Jun 2026 11:52 PM

रामग्राम परियोजना में देरी पर डीएम सख्त, ठेकेदार को नोटिस के निर्देश

करुणाकर राम त्रिपाठी

महराजगंज, उत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर एवं रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर में पाथवे निर्माण और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।

रामग्राम परियोजना के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना की अगली किश्त जारी कराने के लिए पर्यटन विभाग से आवश्यक पत्राचार करने तथा निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने के लिए अतिरिक्त खुदाई कराने का भी निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके पूर्ण होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि यूपीपीसीएल द्वारा निर्मित की जा रही इस परियोजना की लागत 7.14 करोड़ रुपये है। परियोजना के अंतर्गत कैफेटेरिया, डॉरमेट्री, मेडिटेशन हॉल, टॉयलेट ब्लॉक तथा सरोवर सुंदरीकरण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित पर्यटन एवं यूपीपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Karunakar Ram Tripathi
1

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap