Tranding
Tue, 14 Apr 2026 04:01 PM
धार्मिक / Jan 15, 2026

चढ़ाई गई आस्था की खिचड़ी, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चौक बाजार, महराजगंज, उत्तर प्रदेश

मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नगर पंचायत चौक स्थित बाबा गुरू गोरक्षनाथ मंदिर पर सुबह से ही आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा और बाबा गोरक्षनाथ के जयकारे से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर जहां मन्नतें मांगी, वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने घरों में खिचड़ी चढ़ाकर दान पुण्य किया।मकर संक्रांति पर्व पर भोर में ही लोग स्नान ध्यान कर खिचड़ी चढ़ाने की तैयारी में जुट गए। जनपद सहित सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बिहार व पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से काफी संख्या में श्रद्धालु नगर पंचायत चौक स्थित बाबा गोरक्षनाथ मंदिर पर खिचड़ी चढ़ाने पहुंचे। मंदिर में बाबा गोरक्षनाथ को प्रथम खिचड़ी सर्वप्रथम मंदिर के पुजारी बाबा लक्ष्मण नाथ महराज ने चढ़ाई। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं नें कतार लगाकर बाबा को खिचड़ी चढ़ाना प्रारंभ किया।

भगवान शिव के अवतार गुरू गोरक्षनाथ को भक्तों ने श्रद्धा व विश्वास के साथ खिचड़ी चढ़ा कर भव्य मेले का आनंद उठाया। मेले में हजारों लोग अपने वाहनों पर बैठ कर आए, वहीं गांव क्षेत्र के सैकड़ों लोग पैदल ही मेला करने पहुंच गए। मेले में सर्कस, झूले, जादूगरी, मौत का कुआँ, जम्पिंग झूला, सेल्फी पॉइंट, का लुत्फ़ भी जहां लोगों ने उठाया वहीं इस बार आर्केस्ट्रा एवं ड्रामा पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया था।

इस साल खिचड़ी मेले में गोरक्षनाथ पीठ द्वारा संचालित चौक के तीनों कालेजो के छात्र छात्राओं ने मंदिर के अंदर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। जिसमें स्काउट गाइड राष्ट्रीय सेवा योजना व राष्ट्रीय कैडेट कोर के छात्र-छात्राएं शामिल रहें। मेले की सुरक्षा व्यवस्था में भारी मात्रा में पुलिस बल व स्वयं सेवक तैनात रहें। मेले में आने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहा। लोग सड़क के किनारे अपने वाहनों को खड़ा कर मेले में प्रवेश कर रहे थे। चौक से बाहर ही जगह-जगह दोपहिया व चारपहिया वाहनों का स्टैंड बनाया गया है, जहां पुलिस के जवान मौजूद रहे। थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्त ने बताया कि मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद है। किसी प्रकार की अप्रिय सूचना नहीं मिली है।

दरअसल, सूर्यदेव के उत्तरायण होने पर खिचड़ी चढ़ाने की यह अनूठी परंपरा पूरी तरह लोक आस्था को समर्पित है। गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी के रूप में चढ़ाए जाने वाला अन्न पूरे वर्ष जरूरतमंदों में वितरित किया जाता है। बुधवार को रात 9 बजकर 19 मिनट पर सूर्यदेव के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते ही मकर संक्रांति का शुभारंभ हो गया है। ऐसे में अरुणोदय काल में मकर संक्रांति का महापर्व गुरुवार को मनाया गया।

नगर पंचायत चौक स्थित बाबा गुरु गोरक्षनाथ मंदिर पर मकर संक्रांति के अवसर पर प्रतिवर्ष स्थानीय श्रद्धालुओं सहित पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से भी तमाम श्रद्धालु आते हैं। मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। मेले के मद्देनजर जहां तरह-तरह की दुकानें सजाई जाती है वही दूर दराज से आए झूला व सर्कस के कलाकार अपनी कला की बदौलत लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। इन सब के मद्देनजर अक्सर भीड़भाड़ की स्थित उत्पन्न हो जाती है। तमाम व्यवस्था के बावजूद मेले में आए लोगों को घंटों जाम के झाम में फंसे रहना पड़ा।

मकर संक्रांति के अवसर पर चौक नगर पंचायत में आयोजित खिचड़ी मेले में पुलिस ने पूछताछ के दौरान संदिग्ध महिलाओं को पकड़ कर थाने पर ले गई। जिससे महिलाए संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें मेले से बाहर छोड़ दिया गया ।

श्रद्धालुओं के चिकित्सा व्यवस्था हेतु महायोगी गुरु गोरक्षनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।

डा. रामस्वरूप सिंह ने बताया कि वृद्ध महिला कमली निवासी धरमौली का अचानक पेट में दर्द शुरू हो गया। जिसके दवा लेने के बाद उसकी तबियत में सुधार देखा गया ।

नगर पंचायत चौक के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मेले में आए श्रद्धालुओं के लिए इस भीषण ठंड में 25 से अधिक स्थानों ओबरी चौराहा, ठेकी चौराहा, चौक अस्पताल परिसर, सोनाड़ी रोड, मंदिर परिसर, थाना रोड सहित मंदिर परिसर आदि दर्जनों जगह अलाव की व्यवस्था की गई। जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली।



Karunakar Ram Tripathi
27

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap