बेलागंज में कृषि विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप, मंत्री विजय सिन्हा ने दिए जांच के आदेश।
विनोद विरोधी
गया, बिहार।
जिले के बेलागंज प्रखंड मुख्यालय में आयोजित जनकल्याण शिविर के दौरान कृषि विभाग में कथित अनियमितताओं और धांधली का मुद्दा गरमा गया। कांग्रेस नेता नूनु सिंह ने किसानों को योजनाओं का लाभ देने में लापरवाही और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। जिले के बेलागंज प्रखंड में आयोजित जनकल्याण शिविर के दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा के बीच कृषि विभाग में कथित अनियमितताओं का मामला गरमा गया। कांग्रेस नेता द्वारा कृषि विभाग पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।
बेलागंज प्रखंड परिसर के पुराने भवन में आयोजित जनकल्याण शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय विधायक मनोरमा देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राघवेंद्र शर्मा, अंचलाधिकारी गजानंद मेहता समेत कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।