भिटौली पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को किया गिरफ्तार
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भिटौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान योगी अजयनाथ यादव पुत्र इजलाश यादव निवासी ग्राम विशुनपुरा थाना भिटौली जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध थाना भिटौली में मु0अ0सं0 092/2026 के तहत धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि अभियुक्त ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए तथा शादी की बात करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना श्यामदेउरवा में वर्ष 2021 में धारा 376, 504, 506 भादवि एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार सिंह, कांस्टेबल गोविंद गुप्ता एवं कांस्टेबल अंशुम यादव शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।