शेरघाटी के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दनुआ घाटी में 30 फीट खाई में गिरी कार
विनोद विरोधी
गया। जिले के शेरघाटी से जुड़े एक ही परिवार के छह लोगों की हजारीबाग की दनुआ घाटी में कार हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। शादी में जा रहा परिवार खाई में गिरा, अब घर में सिर्फ 14 साल का बेटा ही बचा है।
गया जिले के आमस थाना क्षेत्र से जुड़े एक ही परिवार के छह लोगों की शनिवार शाम झारखंड के हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ जंगल-घाटी के पास करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की जानकारी तब मिली जब एक राहगीर की नजर नीचे गिरी क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया और मसूरी गांव का रहने वाला था। सभी लोग एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और यह भीषण हादसा हो गया।
इस हादसे में शिव कुमार मांझी (43), उनकी पत्नी रूबी देवी (38), बेटियां सोनी कुमारी (13) और सोहानी कुमारी (12), ससुर कृत मांझी (60) और उनका पोता प्रेम कुमार (10) की मौत हो गई। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।