Tranding
Tue, 14 Apr 2026 03:59 PM

योगदा सत्संग महाविद्यालय की टीम "पहचान" द्वारा "Nourish Nature Now" जागरूकता अभियान का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार मधु सिन्हा ने किया।

रांची, झारखंड ।

योगदा सत्संग महाविद्यालय, रांची में टीम "पहचान" द्वारा "Nourish Nature Now" नामक एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य मूक जानवरों — विशेष रूप से आवारा कुत्तों और पक्षियों — की देखभाल के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना था। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन की राष्ट्रीय सचिव महिला विंग श्रीमती मधु सिन्हा ने किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष श्री देवानंद सिन्हा, प्रदेश सचिव श्री विजय कुमार दत्त 'पिंटू' एवं प्रेरणादायक ट्रैवल यूट्यूबर The Banjara Boy भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुति के साथ हुई जिसमें बताया गया कि किस प्रकार भीषण गर्मी में ये मूक जानवर दर्द और पीड़ा सहते हैं। वीडियो ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर दिया और उन्हें प्रेरित किया कि वे इन निरीह प्राणियों की सहायता के लिए कुछ सकारात्मक कदम उठाएं।

इस अभियान के अंतर्गत छात्रों ने लोगों को यह बताया कि कैसे सर्दियों में पुराने कपड़े, कार्डबोर्ड शेल्टर, बर्तन में पानी और खाना रखकर हम इन जानवरों की मदद कर सकते हैं।

इस मौके पर टीम पहचान के प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्रमुख आदित्य ने मुख्य अतिथि श्रीमती मधु सिन्हा का स्वागत करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक सोच है जो समाज में मूक प्राणियों के लिए करुणा और संवेदना पैदा करना चाहता है।

अपने वक्तव्य में मुख्य अतिथि श्रीमती सिन्हा ने कहा, “मूक जानवरों की रक्षा और देखभाल हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। अगर हम इंसान होने का दावा करते हैं, तो हमें उन प्राणियों के लिए भी खड़ा होना होगा, जो अपनी पीड़ा शब्दों में नहीं कह सकते।”

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन झारखंड प्रदेश अध्यक्ष श्री देवानंद सिन्हा, जो स्वयं एक पशु प्रेमी भी हैं, ने कहा,

“इन जानवरों के प्रति थोड़ी सी दया और करुणा से हम उन्हें एक सुरक्षित जीवन दे सकते हैं। यह अभियान एक प्रेरणादायक कदम है।”

वहीं प्रदेश सचिव श्री विजय कुमार दत्त 'पिंटू' ने भी अपने संबोधन में इस प्रकार के अभियानों को समाज के लिए जरूरी बताते हुए कहा,

“संवेदनशील युवा ही देश का भविष्य हैं, और ऐसे अभियान इस सोच को मजबूत करते हैं।”

इस विशेष अवसर पर प्रसिद्ध और प्रेरणादायक ट्रैवल यूट्यूबर "The Banjara Boy", जो अपने प्रिय Ragnar के साथ पूरे भारत की यात्रा कर चुके हैं, ने कार्यक्रम में भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। साथ ही Peepal Farm संस्था की टीम ने भी अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए कि कैसे हम अधिक संगठित प्रयासों से इन मूक जीवों के लिए एक बेहतर जीवन सुनिश्चित कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन अभिषेक घोष एवं आदित्य द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की समाप्ति पर महाविद्यालय के सचिव शासी निकाय, श्री अश्विनी सक्सेना, प्राचार्या श्रीमती प्रगति बक्शी, CVS के डायरेक्टर कर्नल हिमांशु शेखर, एवं महाविद्यालय के शिक्षक शिक्षिका उपस्थित रहे। आयोजन के लिए टीम "पहचान" को बधाई देते हुए कहा गया कि,

“आज का कार्यक्रम केवल एक सामाजिक संदेश नहीं, बल्कि एक जनचेतना अभियान था, जो लंबे समय तक लोगों के दिलों में रहेगा।”

इस आयोजन को सफल बनाने में टीम पहचान के शिक्षक समन्वयक श्री बिपुल दुबे और पूरी टीम पहचान के सदस्यों की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने गर्मी की परवाह किए बिना पूरे मनोयोग से इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और उसे सफलतापूर्वक संपन्न किया।

यह आयोजन न केवल एक सफल कार्यक्रम रहा, बल्कि यह एक मानवीय संदेश भी दे गया — कि इस धरती पर सिर्फ हम नहीं, बल्कि ये मूक जीव भी समान रूप से जीने के अधिकारी हैं।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
100

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap