अल्लाह का फरमान पूरा करने पर मिलेगा ईद का ईनाम।
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
माह-ए-रमजान के दूसरे अशरे में रोजेदार सुबह से ही इबादत व कुरआन-ए-पाक की तिलावत शुरु कर रहे हैं, जिसका सिलसिला देर रात तक जारी रह रहा है। फर्ज, वाजिब व सुन्नत नमाजों के अलावा तहज्जुद, इशराक, चाश्त, अव्वाबीन, सलातुल तस्बीह आदि नफ्ल नमाजें भी खूब पढ़ी जा रही हैं। सभी के सिरों पर टोपी व हाथों में तस्बीह नजर आ रही है। मिस्वाक, खजूर व इत्र का खूब इस्तेमाल हो रहा है। रोजेदार दिन में रोजा रखकर व रात में तरावीह की नमाज पढ़कर अल्लाह का फरमान पूरा कर रहे हैं। अल्लाह का फरमान पूरा करने के बदले में रोजेदारों को ईद का ईनाम मिलेगा। सोमवार को 16वां रोजा अल्लाह की हम्द व सना में बीता। करीब 13 घंटा 31 मिनट का लंबा रोजा रोजेदारों के सब्र का इम्तिहान ले रहा है। बाजार में रौनक बढ़ गई है। ईद की खरीदारी शुरू हो चुकी है। सेवईयों की बिक्री भी जोर पकड़ चुकी है।