पूर्व कांगेसी सांसद के परिवार ने जताई गोरक्षपीठ के प्रति आस्था, भाजपा को दिया समर्थन।
पूर्व सांसद नरसिंह नारायण पांडेय के पौत्र रोहन पांडेय ने लिया सीएम योगी से आशीर्वाद।
नवेद आलम
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
गोरखपुर के पूर्व कांग्रेसी सांसद स्वर्गीय नरसिंह नारायण पांडेय के परिवार ने गोरक्षपीठ एवं गोरक्षपीठाधीश्वर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा को पूर्ण समर्थन देने की बात कही है। इस सिलसिले में पूर्व सांसद के पौत्र रोहन पांडेय ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री से मिलकर परिवार की तरफ से एक पत्र सौंपा और सीएम योगी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सीएम योगी को सौंपा गया यह पत्र पूर्व सांसद नरसिंह नारायण पांडेय की पुत्रवधू बिंदु पांडेय ने लिखा है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने 2022 में ही कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है। बिंदु पांडेय ने लिखा है कि अस्वस्थ होने के कारण वह खुद मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने नहीं आ पा रही हैं इसलिए बड़े बेटे रोहन पांडेय के हाथों आस्था प्रकटीकरण और समर्थन का यह पत्र भेज रही हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व बिंदु पांडेय ने मंदिर आकर सीएम योगी का आशीर्वाद लिया था। उनके ससुर नरसिंह नारायण पांडेय गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। वह राज्यसभा और विधान परिषद के भी सदस्य रहे।