अभाविप तहसील स्तर पर आयोजित करेगी छात्र संवाद कार्यक्रम।
अंशुल वर्मा
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गोरक्ष प्रांत द्वारा 25 से 28 फरवरी के मध्य गोरक्ष प्रांत के 17 सांगठनिक जिलों में तहसील स्तर पर छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि गोरक्ष प्रांत में कुल 17 सांगठनिक जिलों की 52 तहसीलों में अभाविप के कार्यकर्ता शिक्षा, पर्यावरण सहित विभिन्न सम सामयिक विषयों पर छात्रों से संवाद स्थापित करेंगे।
अभाविप गोरक्ष प्रांत मंत्री मयंक राय ने कहा कि अभाविप शैक्षिक परिवार की संकल्पना में विश्वास करते हुए शिक्षा के सुधार के लिए विभिन्न परिसरों में कार्य रही है तथा इसके साथ ही अभाविप ने राष्ट्रीय विषयों पर भी युवाओं का नेतृत्व कर रही।परिषद की दिशा हर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन करने की दिशा है। राष्ट्रीय एकात्मता के लिए अभाविप के विचार हमेशा से रचनात्मक रहे हैं। शैक्षिक क्षेत्र में जो समस्याएं उत्पन्न होती है उनके निदान के लिए अभाविप ने अपने स्तर से तमाम प्रयास किये जिससे भावी पीढ़ियों का अस्तित्व सुखद हो।
अभाविप राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शक्ति सिंह ने कहा कि अभाविप ने सेवा, संस्कार तथा संघर्ष के मुद्दों पर अपनी गतिवधियां चलाई हैं। परिषद के कार्यकर्ताओं ने परिसर संस्कृति के रूप में व्यक्तिगत व्यवहार और प्रत्यक्ष आदर्श परिदृश्य उत्पन्न कर नयी संस्कृति स्थापित करने का कार्य किया है। विद्यार्थी परिषद ने भारतीय आदर्शों और मूल्यों के व्यवहारिक प्रगटीकरण का प्रयास किया। छात्रों से विभिन्न सम सामयिक विषयों पर संवाद भी अभाविप की दिनचर्या में शामिल है तथा इस उद्देश्य को लेकर नियमित कार्यक्रमों का आयोजन होता है।