अर्जक पद्धति से शोक सभा का आयोजन।
मृत्यु भोज का करें बहिष्कार: वीरेंद्र अर्जक।
रिपोर्ट :विनोद विरोधी
गया, बिहार।
मानववादी संगठन अर्जक संघ के तत्वाधान में जिले के बोधगया प्रखंड अंतर्गत बैजनबीघा गांव में दिवंगत कोयली देवी (उम्र 70 वर्ष) के मरणोपरांत अर्जक पद्धति से शोक सभा का आयोजन किया गया। संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित शोक सभा में गया कॉलेज गया के भूगोल विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. रामकृष्ण प्रसाद यादव ने कहा कि मनुवादी व्यवस्था में पाखंडी समाज के लोग स्वर्ग- नर्क का भय दिखाकर मृतक परिवार का भरपूर शोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मा -परमात्मा, पुनर्जन्म, भाग्यवाद कोरी कल्पना की बात है, ऐसे लोगों के भ्रम जाल में ना पड़े। इस अवसर पर जाने-माने मानववादी विचारक वीरेन्द्र अर्जक ने कहा कि अर्जक संघ मानववादी विचारधारा पर आधारित आचार, विचार ,संस्कार व त्यौहार अपनाने को कृत संकल्पित है।उन्होंने उपस्थित लोगों को आगाह किया कि ऐसे अवसरों पर मृत्यु भोज का बहिष्कार करें ताकि शोषण का शिकार ना हो ।इस अवसर पर अपने विचार प्रकट करने वालों में प्रहलाद राय ,भिखारी अर्जक आदि शामिल थे।वही सृजन टीम के कलाकारों ने अपने मानववादी गीतों के माध्यम से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया। विदित हो कि अर्जक संघ के सक्रिय सदस्य मनोज मंडल की (70 वर्षीय) मां कोयली देवी का निधन 8 फरवरी 2023 को हो गया था।