भारत यात्रा पर बोधगया पहुंचे वियतनामी राष्ट्रपति तो लाम, सीएम सम्राट चौधरी ने किया भव्य स्वागत।
रिपोर्ट: विनोद विरोधी
गया, बिहार।
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम बोधगया पहुंचे. पहले गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन व स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद थे। गया एयरपोर्ट से वियतनाम के राष्ट्रपति सड़क मार्ग से बोधगया के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में विशेष रूप से पूजा-अर्चना की। साथ ही पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे ध्यान लगाया। इसके बाद वे वियतनामी मठ के लिए भी रवाना हुए। वियतनामी राष्ट्रपति तो लाम के बिहार दौरे को लेकर बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।साथ ही कई सड़क मार्ग को डाइवर्ट भी किया गया है। मौके पर मौजूद बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वियतनाम के राष्ट्रपति एक दिवसीय दौरे पर बोधगया आए हैं। जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित हमलोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया है।