मुज़फ्फरपुर में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता कार्यशाला का सफल आयोजन।
ब्यूरो चीफ अंजुम शहाब की रिपोर्ट।
मुज़फ्फरपुर, बिहार ।
प्लान इंटरनेशनल और एलियोस मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में तथा महिंद्रा फाइनेंस के सहयोग से होटल कामाख्या इंटरनेशनल, मुज़फ्फरपुर में एक दिवसीय “वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता कार्यशाला (धन संवाद)” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ज़िले के उद्यमियों एवं गिग वर्कर्स को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना तथा डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिंद्रा फाइनेंस की सीएसआर हेड श्रीमती नीलिमा डालवी (मुंबई) रहीं। इसके अतिरिक्त प्लान इंटरनेशनल की मिस काकोली एवं एलियोस मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक श्री शब्बर तौसीफ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला के दौरान श्रीमती नीलिमा ने प्रतिभागियों को बचत एवं वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया, साइबर सुरक्षा, बीमा की उपयोगिता, बैंकिंग सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। मिस काकोली ने अपने सम्बोधन में बताया की बदलते डिजिटल परिवेश में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में 100 से अधिक उद्यमियों एवं गिग वर्कर्स ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
कार्यक्रम के समापन पर एलियोस के हेड श्री शब्बर तौसीफ़ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।