अखिलेश कुमार यादव बने बिल्थरारोड के नए उप जिलाधिकारी, लेखपाल संघ ने किया स्वागत
धनंजय शर्मा
बेल्थरारोड, बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार द्वारा प्रशासनिक व जनहित में जिले के अंदर उप जिलाधिकारीयों के किए गए स्थानांतरण के बाद तहसील बिल्थरारोड में अखिलेश कुमार यादव ने बुधवार की अपराह्न में नए उप जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे सदर तहसील बलिया में न्यायिक उप जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। नए उप जिलाधिकारी मूल रूप से अंबेडकर जिले के निवासी हैं। बिल्थरारोड में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को जनता के बीच लागू करने तथा जनता की समस्याओं को निपटा ने की प्राथमिकता जारी रहेगी। विशेष परिस्थितियों में उनका दरवाजा सभी के लिए हमेशा खुला रहेगा। तहसील के लेखपाल संघ की ओर से प्रथम स्वागत में गुलदस्ता स्वीकार करने के बाद नवागत उपजिलाधिकारी यादव ने कहा मुझे आपके संगठन का अभिवादन स्वीकार है, किंतु जांच कार्य के मामले में पारदर्शिता दिखे, अपनी जांच टीम के साथ मौके का फोटोग्राफ्स जरूर कर लें, ताकि शिकायत करने का मौका किसी को न मिले। उन्होंने कहा कि अलग से मैं सभी से बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश देते हुए समस्याओं को भी सुनने का काम करूंगा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्थानीय तहसील के लेखपाल संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, मंत्री आयुष करन एवं खेदन राम लेखपाल ने संयुक्त रूप से गुलदस्ता देकर नवागत एसडीएम का स्वागत किया। तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के पूर्व मंत्री मुनेश चंद्र वर्मा एवं अजहर अली एडवोकेट ने भी नवागत उप जिलाधिकारी का स्वागत किया। नवागत एसडीएम की माने तो वर्ष 2021-22 में उप जिलाधिकारी पद पर सलेक्शन के बाद प्रयागराज में ट्रेनिंग के लिए तैनात रहे। यहां से स्थानांतरण के बाद बलिया में तैनाती के बाद अगस्त 2022 से मार्च 2023 तक उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर, मार्च 2023 से जून 2023 तक न्यायिक उप जिलाधिकारी सदर, जुलाई 2023 से अक्टूबर 2023 तक उप जिलाधिकारी सदर, नवंबर 2023 से अक्टूबर 2024 तक उप जिलाधिकारी बांसडीह,बिल्थरारोड में तैनाती से पूर्व अक्टूबर 2024 से 1 अप्रैल 25 तक न्यायिक उप जिलाधिकारी बलिया सदर के पद पर तैनात रहे।