चोरी के मामले में फरार अभियुक्त गिरफ्तार, कंगन व 770 रुपये बरामद
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
थाना घुघली पुलिस ने चोरी की घटना में फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर अपराध नियंत्रण व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 24 नवंबर 2025 की रात ग्राम करौता उर्फ नेबुइयां में अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में थाना घुघली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा चोरों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान उमेश साहनी, अंजनी साहनी तथा धर्मवीर साहनी उर्फ लाला का नाम प्रकाश में आया था।
पूर्व में उमेश साहनी की गिरफ्तारी के दौरान चोरी के कुछ आभूषण और नकद बरामद हुए थे। वहीं सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि फरार अभियुक्त धर्मवीर उर्फ लाला बेलवा तिवारी नहर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी का एक पीली धातु का कंगन और 770 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दीपक मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल आशुतोष राय और कांस्टेबल विजय प्रकाश राय शामिल रहे।